रेलवे यार्ड में बेपटरी हुआ मालगाड़ी का वैगन, बड़ा हादसा टला, यात्री ट्रेनों पर नही पड़ा असर

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – एक बड़ा रेल हादसा टल गया। रेलवे स्टेशन से रवाना होने के महज पांच मिनट बाद एक मालगाड़ी का वैगन अचानक पटरी से उतर गया। घटना शंकर नगर आरओबी के नीचे रेलवे यार्ड में हुई। गनीमत रही कि उस समय ट्रेन की रफ्तार बेहद धीमी थी, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और राहत एवं तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक बहाली का काम शुरू किया।
शनिवार शाम करीब 6 बजकर 45 मिनट पर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 से रायगढ़ की ओर रवाना हुई मालगाड़ी स्टेशन से करीब 200 मीटर आगे पहुंची ही थी कि बिलासपुर यार्ड के पॉइंट नंबर-164 के पास उसका 22वां वैगन बेपटरी हो गया। ब्रेक वैन से ठीक पहले लगे इस वैगन का एक व्हील सेट पटरी से उतर गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल अलर्ट हुआ और इंजीनियरिंग, परिचालन तथा मैकेनिकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शाम 7 बजकर 25 मिनट पर दुर्घटना राहत गाड़ी रवाना की गई, जिसने मौके पर पहुंचकर वैगन को दोबारा पटरी पर चढ़ाने और ट्रैक बहाल करने का अभियान शुरू किया।
राहत कार्य के दौरान मालगाड़ी के 21 वैगनों और ब्रेक वैन को अलग कर वापस बिलासपुर स्टेशन लाया गया, ताकि प्रभावित ट्रैक को जल्द से जल्द चालू किया जा सके।रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हादसा यार्ड की मिड लाइन तक ही सीमित रहा। मुख्य अप और डाउन लाइन सुरक्षित होने के कारण यात्री ट्रेनों का संचालन सामान्य रहा और किसी ट्रेन को रद्द नहीं करना पड़ा।
प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे ने हादसे के कारणों की तकनीकी जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वैगन किन कारणों से बेपटरी हुआ। फिलहाल रेलवे अधिकारी पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित बनाने का काम पूरा कर लिया गया है।



