300 से ज्यादा फाइव स्टार होटलों को चूना लगाने वाला अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार….

रायपुर पुलिस ने देशभर के 300 से अधिक फाइव स्टार होटलों में ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय शातिर आरोपी को उड़ीसा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। 69 वर्षीय आरोपी बिंगसन जॉन तमिलनाडु का रहने वाला है और उसके खिलाफ 10 से अधिक राज्यों में मामले दर्ज हैं। आरोपी खुद को फॉरेन ट्रैवल गाइड, इंग्लिश टीचर और योगा टीचर बताकर महंगे होटलों में ठहरता था और बिना बिल चुकाए होटल का सामान लेकर फरार हो जाता था।
मामला रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित होटल हयात का है। आरोपी ने होटल में ठहरने के बाद 63 हजार 755 रुपये का बिल नहीं चुकाया और करीब 1 लाख 48 हजार रुपये कीमत का किराए पर लिया गया लैपटॉप लेकर फरार हो गया। शिकायत के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह वर्ष 1990 से देशभर के 300 से अधिक फाइव स्टार होटलों को निशाना बना चुका है और तिहाड़ जेल समेत विभिन्न राज्यों की जेलों में करीब 15 साल बिता चुका है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था और उसी के तरीके अपनाकर वारदात करता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




