6 घंटे में सुलझी अंधे कत्ल की गुत्थी, शराब पार्टी के विवाद में युवक की हत्या, दो गिरफ्तार

दुर्ग जिले की नंदिनी नगर पुलिस ने अज्ञात युवक की हत्या के मामले का महज 6 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल सब्बल और आरोपी के कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम डूमर में पानी टंकी के पास 18 वर्षीय चेतन ठाकुर का शव मिला था। शुरुआती जांच में युवक की पहचान कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच तेज की। जांच में सामने आया कि मृतक अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था, इसी दौरान विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर मुख्य आरोपी सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर चेतन की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने सब्बल और अपने कपड़े तालाब में फेंक दिए थे। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से सबूत बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।




