घर की बाड़ी में घुसा तेंदुआ, घंटों की मशक्कत के बाद किया गया सफल रेस्क्यू

बलौदाबाजार जिले के सोनाखान चौकी क्षेत्र के महकम गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ गांव निवासी के घर की बाड़ी में घुस गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और बिलासपुर की विशेष रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
महकम गांव में तेंदुए के दिखाई देने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। घर की बाड़ी में छिपे तेंदुए को देखकर लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र को सुरक्षित कर रेस्क्यू टीम को बुलाया।
वन विभाग और बिलासपुर से पहुंची विशेष रेस्क्यू टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम प्रभारी डॉ. पी.के. चंदन वर्मा के नेतृत्व में ट्रेंकुलाइजर गन का इस्तेमाल कर तेंदुए को बेहोश किया गया। काफी देर की मशक्कत के बाद टीम ने तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर पिंजरे में शिफ्ट कर दिया।
रेस्क्यू के बाद तेंदुए को उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार तेंदुए की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। वहीं सफल रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम की सराहना की।




