छत्तीसगढ़ के IPS सुंदरराज पी अब संभालेंगे NIA में अहम जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA में इंस्पेक्टर जनरल पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी प्रतिनियुक्ति पर नियुक्ति को मंजूरी देते हुए राज्य सरकार को उन्हें तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं।

वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी छत्तीसगढ़ में अपनी सख्त कार्यशैली और नक्सल विरोधी अभियानों के लिए जाने जाते हैं। बस्तर रेंज के आईजी के रूप में उन्होंने लंबे समय तक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा अभियानों का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में सुरक्षा बलों ने कई सफल ऑपरेशन चलाए और माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के बाद अब सुंदरराज पी राष्ट्रीय जांच एजेंसी में इंस्पेक्टर जनरल के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी नियुक्ति को आंतरिक सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी जांच के क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



