एमसीबी

विश्व रक्तदाता दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन, 32 यूनिट रक्त संग्रहित

(राम प्रसाद गुप्ता) : मनेन्द्रगढ़ – विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला एमसीबी एवं लायंस क्लब मनेन्द्रगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में सेंट्रल हॉस्पिटल मनेन्द्रगढ़ स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय कुमार, रेडक्रॉस सोसायटी जिला एमसीबी के अध्यक्ष शैलेश जैन तथा लायंस क्लब मनेन्द्रगढ़ के अध्यक्ष श्री कृष्णकांत ताम्रकार द्वारा किया गया।

Advertisement

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है, क्योंकि यह सीधे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।

शिविर में कुल 32 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा एवं जीवन रक्षा के इस पुनीत अभियान में अपना योगदान दिया। विशेष रूप से पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं में उल्लेखनीय उत्साह देखने को मिला, जो समाज में बढ़ती जागरूकता और सेवा भावना का परिचायक है।

शिविर को सफल बनाने में मयंक गोयल, सुमित अग्रवाल, डॉ. लवलेश गुप्ता, सुंदरलाल दुग्गड़, डी.के. श्रीवास्तव, रामनरेश पटेल, नीरज अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, श्री गौरव गुप्ता, राजकुमार पांडेय, नरोत्तम शर्मा, कौशल अरोरा, सुयश गुप्ता, संजीव ताम्रकार, अनीश गुप्ता, श्री संस्कार अग्रवाल, राजकुमार ताम्रकार, गणेश यादव, आकाश पोद्दार, विवेक जायसवाल सहित अनेक समाजसेवियों का विशेष सहयोग रहा।

रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष शैलेश जैन एवं लायंस क्लब अध्यक्ष कृष्णकांत ताम्रकार ने सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से ही ऐसे जनहितकारी अभियान सफल होते हैं।

ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. लवलेश गुप्ता ने बताया कि रक्तदान के माध्यम से हम किसी अज्ञात व्यक्ति के जीवन की रक्षा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वैच्छिक रक्तदान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिविर की सफलता का श्रेय ब्लड बैंक की समर्पित टीम रूपेन्द्र सिंह, कृष्णा राम एवं विंसी सिंह सहित समस्त कर्मचारियों को दिया, जिनके अथक प्रयासों से शिविर का संचालन सुचारू रूप से संपन्न हुआ।

रक्तदाताओं ने सेंट्रल हॉस्पिटल मनेन्द्रगढ़ स्थित ब्लड बैंक की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, आधुनिक सुविधाओं एवं सेवाभावी कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की। साथ ही उन्होंने एसईसीएल के सहयोग से संचालित ब्लड सेंटर की व्यवस्था, स्वच्छता, तकनीकी दक्षता तथा मरीजों एवं रक्तदाताओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार की भी प्रशंसा की। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार की उच्च स्तरीय व्यवस्थाएं क्षेत्र में सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

शिविर के दौरान सभी रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनके अमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम का समापन रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा भविष्य में भी ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button