रायगढ़

फर्जी दस्तावेजों से ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के खेल पर शिकंजा, ट्रेवल्स एजेंसी में पुलिस-आरटीओ की संयुक्त दबिश

रायगढ़ में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के कथित रैकेट की जांच तेज हो गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और आरटीओ की संयुक्त टीम ने एक ट्रेवल्स एजेंसी में दबिश देकर दस्तावेजों की जांच शुरू की है। आरोप है कि बाहरी राज्यों के लोगों को रायगढ़ का निवासी दर्शाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए गए, जिससे सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Advertisement

पुलिस को शिकायत मिली थी कि स्थानीय स्तर पर संचालित एक ट्रेवल्स एजेंसी द्वारा ओडिशा समेत अन्य राज्यों के आवेदकों के लिए फर्जी किरायानामा और शपथ-पत्र तैयार कर उन्हें रायगढ़ का निवासी दिखाया जा रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस, आरटीओ और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने एजेंसी में जांच की। प्रारंभिक जांच में कई आवेदकों के पते एक जैसे पाए गए हैं।

जांच के दौरान यह आशंका भी सामने आई है कि कुछ मामलों में लाइसेंस प्रक्रिया के दौरान वास्तविक आवेदक की जगह अन्य व्यक्तियों से ड्राइविंग टेस्ट दिलाया गया हो सकता है। फिलहाल करीब 180 लाइसेंसधारियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी प्रक्रियाओं में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच में फर्जीवाड़ा साबित होने पर संबंधित व्यक्तियों और एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button