बिलासपुर

बुधवारी बाजार में भीषण आग से दहला बिलासपुर… देर रात कई दुकानों में मची तबाही

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – न्यायधानी बिलासपुर के व्यस्त बुधवारी बाजार क्षेत्र में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे स्टेशन गेट नंबर-1 के समीप स्थित एक साइकिल दुकान में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई दुकानों तक फैल गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते ऊंची-ऊंची लपटें आसमान को छूने लगीं और घना धुआं पूरे बाजार क्षेत्र में फैल गया। आग की भयावहता को देखकर आसपास के व्यापारी, स्थानीय निवासी और राहगीर मौके पर जमा हो गए। कई दुकानदार अपनी दुकानों को बचाने के प्रयास में रातभर चिंतित नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।

Advertisement

आग पर नियंत्रण पाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को लगाया गया। आग को आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी हिस्सों तक पहुंचने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए गए। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन गेट नंबर-1 के आसपास यातायात रोक दिया गया और पूरे क्षेत्र को पुलिस सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत एक साइकिल दुकान से हुई, जिसके बाद उसने पास की इलेक्ट्रॉनिक और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखा बड़ी मात्रा में सामान जलने की आशंका है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की संभावना जताई जा रही है।

Advertisement

फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। दमकल कर्मी देर रात तक आग बुझाने और नुकसान को सीमित करने में जुटे रहे। हाल के दिनों में शहर के बाजारों और रिहायशी इलाकों में आगजनी की बढ़ती घटनाओं के बीच बुधवारी बाजार की यह घटना व्यापारियों के लिए चिंता का विषय बन गई है। प्रशासन आग पूरी तरह बुझने के बाद विस्तृत जांच और नुकसान का आकलन करेगा।

Related Articles

Back to top button