नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई का सांसद तोखन साहू निवास घेराव का ऐलान, पुलिस ने की किलेबंदी

(दिलीप जगवानी/सतीश साहू) : बिलासपुर – नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर में एनएसयूआई ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के सरकारी आवास का घेराव करने की तैयारी की है। प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। मंत्री आवास के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
एनएसयूआई कार्यकर्ता नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। संगठन ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के सरकारी आवास का घेराव करने का ऐलान किया है। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने मंत्री आवास के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त जवानों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं एनएसयूआई नेताओं का कहना है कि नीट पेपर लीक मामले में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया जा रहा है।
फिलहाल सभी की नजरें एनएसयूआई के प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम पर टिकी हैं। प्रशासन और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।



