सेंट्रल यूनिवर्सिटी में भगवान व महापुरुषों पर अभद्र टिप्पणी, व्हाट्सएप्प चैट वायरल, जांच शुरू

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। लॉ डिपार्टमेंट के छात्रों पर भगवान राम समेत कई महापुरुषों पर अभद्र टिप्पणियां करने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में तनाव का माहौल है और मामला अब पुलिस तक पहुंचने की तैयारी में है।
जानकारी के मुताबिक, पूरा विवाद यूनिवर्सिटी के विवेकानंद हॉस्टल से शुरू हुआ, जहां छात्रों के बीच व्हाट्सएप चैट में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। आरोप है कि एक छात्र ने भगवान राम को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बाद चैट में भगवान परशुराम और भीमराव अंबेडकर समेत अन्य महापुरुषों पर भी आपत्तिजनक शब्द कहे गए।
मामला सामने आने के बाद हॉस्टल के छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए, जिससे कैंपस में बवाल की स्थिति बन गई। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।वहीं, आक्रोशित छात्र अब थाने में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस भी मामले की जानकारी जुटा रही है और जल्द ही एफआईआर दर्ज हो सकती है।फिलहाल, विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस दोनों इस संवेदनशील मामले पर नजर बनाए हुए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती है।




