जहरीली गैस से दंपति और मासूम बच्ची की मौत

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों पति, पत्नी और 3 साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक आशंका जहरीली गैस से दम घुटने की जताई जा रही है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य रात में कमरे के भीतर सो रहे थे। बताया जा रहा है कि ठंड से बचने के लिए कमरे में सिगड़ी में कोयला जलाया गया था। रातभर कमरे में धुआं भर जाने से जहरीली गैस का असर हुआ और दम घुटने से तीनों की मौत हो गई।सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर सभी बेसुध हालत में मिले। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है, यह दर्दनाक घटना एक बार फिर बंद कमरे में सिगड़ी या कोयला जलाकर सोने के खतरों की ओर इशारा करती है। प्रशासन ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।




