8 लाख के इनामी 4 माओवादी कैडरों ने किया आत्मसमर्पण

सुकमा जिले में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बस्तर संभाग के सुकमा जिला पुलिस और आंध्रप्रदेश की अल्लूरि सीताराम राजू पुलिस के संयुक्त प्रयासों से कुल 8 लाख रुपये के इनामी 4 माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें दो महिला नक्सली भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी किस्टाराम एरिया कमेटी में सक्रिय थे। आत्मसमर्पित कैडरों के पास से 4 ऑटोमैटिक हथियार और एम्युनेशन भी बरामद किया गया है। इनमें गोलापल्ली LOS कमांडर (ACM) सहित पार्टी के अन्य सक्रिय सदस्य शामिल बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा कैंपों की स्थापना, सड़क कनेक्टिविटी और लगातार नक्सल विरोधी अभियानों के चलते माओवादियों का प्रभाव कमजोर हुआ है। आत्मसमर्पित कैडरों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत सभी सुविधाएं दी जाएंगी, वहीं शेष कैडरों से भी मुख्यधारा में लौटने की अपील की गई है।




