कलेक्टर के निर्देश पर आधी रात धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

सक्ती जिले में कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ वासु जैन के नेतृत्व में जिला स्तरीय टीम ने आधी रात धान खरीदी केंद्र नगरदा पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी की संपूर्ण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया।
टीम ने धान के बोरो की सिलाई, स्टेकिंग व्यवस्था, धान की मात्रा एवं गुणवत्ता, हमालों की उपलब्ध संख्या, प्रतिदिन कितने किसानों के टोकन कटे, खरीदी रिपोर्ट की स्थिति और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सहित विभिन्न बिंदुओं की जांच की।
निरीक्षण के दौरान खरीदी प्रभारी को सख्त निर्देश दिए गए कि धान की खरीदी निर्धारित वजन के अनुसार ही की जाए। साथ ही प्रतिदिन शाम तक धान की स्टेकिंग अनिवार्य रूप से पूर्ण करने, बोरो की सिलाई समय पर कराने, किसानों का रकबा समर्पण निर्धारित समयसीमा में करने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिए गए।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी केंद्रों पर नियमित निरीक्षण जारी रहेगा।




