बिलासपुर

बिलासपुर-मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तिफरा स्थित कबाड़ी दुकान सील, लाखों के कटे वाहन पार्ट्स जब्त

(मनीष नामदेव) : मुंगेली पुलिस ने बिलासपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के तहत तिफरा, बिलासपुर स्थित कबाड़ी दुकान को सील किया गया है, जहां चोरी के वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स बेचे जाने की सूचना मिली थी।

Advertisement

दरअसल, 15 जनवरी की रात मुंगेली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी की मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स एक हाईवा वाहन में भरकर सरगांव हाइवे के रास्ते ले जाया जा रहा है। सूचना पर सायबर सेल मुंगेली और थाना सरगांव पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध हाईवा वाहन को रोका।

Advertisement

तलाशी के दौरान हाईवा से मोटरसाइकिल, कार और अन्य वाहनों के कटे हुए पार्ट्स, बैटरियां और लोहे का सामान बरामद किया गया। वाहन चालक रूपनाथ सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि तिफरा निवासी फिरोज मेमन चोरी की गाड़ियों को खरीदकर अपनी कबाड़ी दुकान में काटता था।

पुलिस ने जब्त वाहन पार्ट्स और हाईवा को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुंगेली के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई, जिसने 16 जनवरी को तिफरा स्थित फिरोज मेमन की कबाड़ी दुकान पर छापा मारा। छापे के दौरान बड़ी मात्रा में कटे वाहन पार्ट्स, लोहे की सामग्री और वाहन काटने में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए, जिसके बाद दुकान को सील कर दिया गया।

 

हालांकि, मुख्य आरोपी फिरोज मेमन मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी के बड़े गिरोह तक पहुंचने में अहम सुराग मिले हैं और आगे भी जांच जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button