बिलासपुर

EXCLUSIVE : नए साल की सौगात: बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत में महिला टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती  

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – नए साल में रेलवे ने एक सराहनीय पहल करते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बिलासपुर से नागपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में पहली बार महिला टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती की गई है। यह पहल न सिर्फ यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि रेलवे में महिलाओं की सक्रिय भूमिका को भी मजबूती देगी।

Advertisement

बिलासपुर–नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस एक प्रीमियम और आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन है। यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सेवाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यहां महिला टिकट चेकिंग स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण देकर तैनात किया है।1 जनवरी से निशा, प्रियंका और प्रीति ने वंदे भारत ट्रेन में बतौर महिला टिकट चेकिंग स्टाफ अपनी ड्यूटी संभाल ली है। ये तीनों महिलाएं यात्रियों के टिकट जांच के साथ-साथ उन्हें आवश्यक सहयोग भी प्रदान कर रही हैं।

Advertisement

फिलहाल यह व्यवस्था शुरुआती चरण में है, जिसमें कुल तीन महिला स्टाफ को शामिल किया गया है। सुरक्षा और संचालन को ध्यान में रखते हुए अभी इनके साथ पुरुष स्टाफ भी तैनात है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद महिला कर्मचारी स्वतंत्र रूप से पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगी।

 

अनुराग कुमार सिंह, सीनियर डीसीएम ने बताया कि : “यह पहल एसईसीआर के नवाचार और महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है। महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है और आगे और भी महिला स्टाफ को इस व्यवस्था में शामिल किया जाएगा।”

 

नए साल की शुरुआत के साथ वंदे भारत ट्रेन में महिला टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती रेलवे के बदलते और सशक्त स्वरूप को दर्शाती है। यह पहल निश्चय ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम है।

Related Articles

Back to top button