पहले ओवरटेक किया, फिर कार सवार वकील पर किया चाकू से वार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता पर चाकू से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक परिचित युवती के साथ कार में जा रहे अधिवक्ता को कुछ युवकों ने रास्ता रोककर बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों पर हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
घटना 8 दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। नर्मदा नगर, संजय कोचिंग के पास रहने वाले शिवांश पाराशर, जो जिला कोर्ट के अधिवक्ता हैं, अपनी एक पूर्व परिचित युवती के साथ कार से कोनी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार नेहरू नगर स्थित चड्डा बाड़ी के पास पहुंची, सामने से आ रही एक कार ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
कार रुकते ही कान्हा उपाध्याय और निमित दुबे नामक युवक गाड़ी के पास पहुंचे और अधिवक्ता से युवती को साथ लेकर घूमने पर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ा तो आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया।
इसी दौरान राजवीर बाबरा नाम का एक युवक बुलेट मोटरसाइकिल लेकर वहां पहुंचा और अधिवक्ता पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि अधिवक्ता ने बाइक को पकड़कर राजवीर को सड़क पर गिरा दिया, लेकिन इसके बाद हमला और भी खतरनाक हो गया।
राजवीर ने धारदार चाकू निकालकर अधिवक्ता के गले के पीछे, कमर के पास और आंख के नीचे वार कर दिया। वहीं उसके साथी पत्थर लेकर अधिवक्ता पर टूट पड़े। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता किसी तरह सड़क से उठकर मौके से भागने में सफल रहे।
घटना की सूचना उन्होंने तुरंत अपने दोस्तों को दी और बाद में सिविल लाइन थाने पहुंचकर सभी आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कान्हा उपाध्याय, निमित दुबे और राजवीर बाबरा पर हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
एक परिचित युवती के साथ जा रहे अधिवक्ता पर इस तरह का हमला शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।




