फर्जी आबकारी पुलिस बनकर वसूली करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार….

सक्ती – परसदाखुर्द गांव में फर्जी आबकारी पुलिस बनकर वसूली करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पकड़े गए आरोपियों के पास से दो बाइक और तीन मोबाइल जब्त किए गए हैं। सभी आरोपी जांजगीर-चाम्पा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मामला तब सामने आया जब परसदाखुर्द गांव के गनपत लाल लहरे को उसकी बहन अमरीका बाई ने फोन कर बताया कि पाँच लोग उसके घर में घुस आए हैं। ये लोग खुद को आबकारी विभाग का पुलिसकर्मी बताकर शराब बेचने का आरोप लगाते हुए वसूली कर रहे थे।
सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस की वर्दी पहना एक आरोपी भागने में सफल हो गया, जबकि बाकी चार को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र गोस्वामी उर्फ दाऊ, अजय गोस्वामी, रामनारायण धीवर और लोकेश राठौर उर्फ ओम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 308(2), 319(2), 318(4), 331(4), 204, 205, 112, 351(2), 3(2) के तहत केस दर्ज किया है।
चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।सक्ती पुलिस की तत्परता से फर्जी पुलिस बनकर वसूली करने वाला गिरोह बेनकाब हुआ है।




