जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आने की संभावना, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी जानकारी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया है कि आगामी जनजातीय गौरव दिवस को लेकर राज्य सरकार ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को भी आमंत्रण भेजा गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति जी निश्चित रूप से आमंत्रण स्वीकार करेंगी और छत्तीसगढ़ आगमन से राज्य को गौरवान्वित करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह अवसर है उन महान जननायकों और आदिवासी वीरों को याद करने का जिन्होंने अपनी संस्कृति, परंपरा और देश की आज़ादी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार इस दिन को पूरे छत्तीसगढ़ में भव्यता और गर्व के साथ मनाने जा रही है। विभिन्न जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनजागरूकता रैलियां और आदिवासी समाज के योगदान को प्रदर्शित करने वाले आयोजन किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा – “जनजातीय गौरव दिवस हमारे समाज की आत्मा का उत्सव है। हमने माननीय राष्ट्रपति जी को आमंत्रित किया है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनकी सहमति अवश्य मिलेगी।”
राज्य सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए।




