नाबालिग ने तेज रफ्तार कार से 5 वाहनों को मारी टक्कर, 1 की मौत, कई घायल

बेमेतरा जिले से रविवार रात एक बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 8 बजे, दुर्ग रोड की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने बेमेतरा शहर के मुख्य मार्ग पर भीड़भरी सड़क पर एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी।
इस भयानक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान जीवन साहू के रूप में हुई है। वहीं घायल हुए लोगों में सुशीला साहू, कविता साहू, हिमांशी साहू, शेषनारायण सिंह, रेवती साहू, माखन साहू और दीपेश साहू शामिल हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस बीच यह जानकारी भी सामने आई है कि कार चलाने वाला चालक नाबालिग था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इधर, हादसे की खबर फैलते ही गुस्साई भीड़ आरोपी के घर पहुंच गई और घर में घुसने की कोशिश की। भीड़ ने वहां जमकर तोड़फोड़ की, जिससे घर में खड़ी गाड़ी और शीशों को नुकसान पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान पुलिस और भीड़ के बीच हल्की झड़प की भी खबर है।
फिलहाल पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया है।
एसपी रामकृष्ण साहू ने स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि घटना में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बेमेतरा पुलिस ने इस हादसे को बेहद गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है, वहीं नाबालिगों के वाहन चलाने को लेकर अभिभावकों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।



