छत्तीसगढ़ में कुछ और दिन बरसेंगे बादल, 11 जिलों में यलो अलर्ट….

छत्तीसगढ़ में मानसून अभी विदा नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग ने आज मंगलवार को बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बिजली गिरने, आंधी और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 9 अक्टूबर से उत्तर छत्तीसगढ़ में वर्षा और गरज-चमक की तीव्रता में कमी आ सकती है। इस बार मानसून की वापसी में करीब 10 दिन की देरी होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। वहीं नारायणपुर और फरसगांव में सबसे अधिक 60 मिमी वर्षा दर्ज की गई। यानी फिलहाल छत्तीसगढ़ में कुछ दिन और भीगने के आसार हैं, लेकिन उसके बाद धीरे-धीरे मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।




