बाढ़ के बहाव में बही कार, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, बाल-बाल बची ड्राइवर की जान

बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कांगेर घाटी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। दरभा थाना क्षेत्र में मंगलवार को बाढ़ के तेज बहाव में एक कार बह गई, जिसमें सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, रायपुर से तमिलनाडु निवासी राजेश अपनी पत्नी पवित्रा (40 वर्ष), बेटी सौजन्या (7 वर्ष) और छोटी बेटी सौमया (4 वर्ष) के साथ कार से तीरथगढ़ घूमने जा रहे थे। इसी दौरान कांगेर घाटी के पास अचानक कार तेज बारिश और बाढ़ की लहर में बह गई।

स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम ने घंटों मशक्कत के बाद पति-पत्नी और दोनों बच्चों के शव बरामद कर मेकाज अस्पताल जगदलपुर भेज दिया, जहाँ पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार का ड्राइवर किसी तरह तैरकर पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचाने में कामयाब हो गया। मृतक चारों लोग तमिलनाडु के रहने वाले थे।
पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन माना जा रहा है कि परिवार जल्दबाजी में उफनते नाले को पार करने की कोशिश कर रहा था। यही लापरवाही उनके लिए जानलेवा साबित हुई, इस हादसे ने एक बार फिर यही संदेश दिया है कि दुर्घटना से देर भली। सावधानी और सतर्कता ही जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है।




