छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम तैयार हो रहा है, जिसके असर से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बस्तर संभाग के कई स्थानों पर भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।बारिश के प्रमुख आंकड़ों में छोटेडोंगर में 11 सेंटीमीटर, पोंडी बचरा और दरभा में 8 सेंटीमीटर, बारसूर और सुकमा में 7 सेंटीमीटर, जबकि रायपुर और जांजगीर में 4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण छत्तीसगढ़ पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और धीरे-धीरे कमजोर होकर 18 अगस्त की सुबह तक गुजरात पहुंच सकता है। वहीं, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य हिस्से में 18 अगस्त के आसपास एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
इस सिस्टम के असर से प्रदेश में आज यानी 17 अगस्त को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है। साथ ही, एक-दो जगहों पर भारी बारिश और मेघगर्जन के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।आगे की स्थिति में 2 दिनों बाद प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा और बिजली गिरने की संभावना है।




