छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में साय कैबिनेट विस्तार की हलचल तेज, 21 अगस्त से पहले तीन नए मंत्री ले सकते हैं शपथ…!

छत्तीसगढ़ की सियासत में इन दिनों कैबिनेट विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पार्टी संगठन और शीर्ष नेतृत्व के बीच सहमति बन चुकी है। अनुमान है कि 21 अगस्त से पहले नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण हो सकता है।

Advertisement

 

Advertisement

दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अगस्त को जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा पर रवाना होंगे, ऐसे में कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया इसी से पहले पूरी होने की संभावना है। पार्टी संगठन के पदाधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि विस्तार के दौरान तीन नए चेहरों को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जाएगी।

 

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा का शीर्ष नेतृत्व 14 सदस्यीय मंत्रिमंडल बनाने पर सहमत हुआ है। इसमें 2 संगठन और एक RSS की पसंद का चेहरा शामिल होगा। हालांकि पुराने मंत्रियों की कुर्सी सुरक्षित रहेगी और उनके विभागों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

 

राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से इस विस्तार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश होगी। माना जा रहा है कि एक मंत्री सामान्य वर्ग से, दूसरा अनुसूचित जनजाति से और तीसरा पिछड़ा वर्ग से चुना जा सकता है। साथ ही बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग से एक-एक मंत्री शामिल करने की संभावना जताई जा रही है।

 

मंत्री बनने की दौड़ में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, कुरुद विधायक अजय चंद्राकर, दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। इनमें से तीन चेहरों को साय कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावना है।

 

वहीं, पिछले दिनों जिन मंत्रियों – लक्ष्मी राजवाड़े, दयालदास बघेल और टंकराम वर्मा – को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, अब उन्हें लेकर कोई बदलाव के संकेत नहीं हैं।

 

अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री साय किन तीन चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल करते हैं। 21 अगस्त से पहले छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button