हाईवे जाम कर लग्जरी कारों से रील बनाने पर हाईकोर्ट सख्त, मुख्य सचिव से मांगी पूरी रिपोर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – लग्जरी गाड़ियों से हाईवे जाम कर रील्स बनाने के मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने राज्य के मुख्य सचिव से जांच की पूरी रिपोर्ट मांगी है। मामला बिलासपुर जिले का है, जहां कुछ युवाओं ने नेशनल हाईवे-130 पर लग्जरी कारें खड़ी कर फोटोशूट और रील बनाई थी। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
हाईकोर्ट ने इस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका के तौर पर सुनवाई शुरू की। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बी.डी. गुरु की डिवीजन बेंच ने पुलिस प्रशासन से पूछा कि इन गाड़ियों को जब्त क्यों नहीं किया गया। कोर्ट ने कहा पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन मामूली कार्रवाई से यह संदेश जाता है कि कानून व्यवस्था कमजोर है। कोर्ट ने राज्य के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि इस मामले में अब तक हुई कार्रवाई का पूरा ब्यौरा शपथ पत्र में प्रस्तुत करें। साथ ही पुलिस की भूमिका पर भी जवाब देने को कहा गया है।इस मामले की अगली सुनवाई सितंबर महीने में होगी और तब तक हाईकोर्ट ने सभी जवाब अपने सामने पेश करने का आदेश दिया है।




