पुलिस लाइन में शुरू हुआ रिफ्रेशर कोर्स, पुलिस जवानों को शारीरिक-मानसिक रूप से मजबूत बनाने पर फोकस

जांजगीर-चांपा जिले में पुलिसकर्मियों की दक्षता और फिटनेस बढ़ाने के लिए 15 दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन किया गया है। यह प्रशिक्षण 10 जून 2025 से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देशन में और रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी के नेतृत्व में पुलिस लाइन जांजगीर में प्रारंभ हुआ।
कोर्स में जिले भर के विभिन्न थानों और चौकियों से 30 आरक्षकों को शामिल किया गया है। इसमें योग, कराटे, नवीन कानून, साइबर अपराध, ई-साक्ष्य, ई-समंस, CCTNS, और VVIP/VIP ड्यूटी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था व उपकरणों (HHMD/DFMD) के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
हर दिन चार पीरियड में चलने वाले इस प्रशिक्षण में पहला पीरियड सुबह 6:30 से 8:00 बजे तक योग और शारीरिक व्यायाम के लिए तय है।
यह कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पुलिस जवानों को आधुनिक तकनीकी, मानसिक संतुलन और विभागीय जिम्मेदारियों के प्रति दक्ष बनाना है।




