छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी…

Advertisement

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

Advertisement

पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, अगले एक सप्ताह तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।

राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी पेण्ड्रा रोड में ही 23.4 डिग्री रहा।
वहीं, रायपुर शहर के लिए भी मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। 28 मई को राजधानी में आकाश सामान्यतः मेघमय रहेगा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

प्रदेश में हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो ओड़गी और भैरमगढ़ में सबसे ज्यादा 9 सेमी बारिश दर्ज की गई। तोकापाल और बीजापुर में 8 सेमी, कुटरू में 7 सेमी, और लोहंडीगुड़ा में 6 सेमी बारिश हुई।


इसके अलावा जगदलपुर में 5 सेमी, दरभा में 4 सेमी, और बस्तर, मर्दापाल, बकावंड समेत अन्य कई इलाकों में 1 से 3 सेमी तक बारिश दर्ज की गई।

मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजहें हैं अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ में प्रवेश के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल बनी हुई हैं। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रहा है, जिससे वर्षा की गतिविधियां और तेज़ हो सकती हैं।

दक्षिण छत्तीसगढ़ और पूर्वी विदर्भ के ऊपर समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं एक अन्य द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ तक फैली हुई है, जिससे नमी और अस्थिरता बनी हुई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 28 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। आने वाले दो दिनों में भी ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है।

इसलिए नागरिकों से अपील है कि मौसम के इस बदले मिजाज को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतें। खासकर किसान, यात्री और खुले क्षेत्रों में रहने वाले लोग मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें।

Related Articles

Back to top button