
(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – रेलवे से जुड़े ठेके में गड़बड़ी की आशंका को लेकर CBI ने आज बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई की। झाझरिया निर्माण लिमिटेड के ठिकानों पर सुबह-सुबह छापेमारी की गई। सूत्रों के मुताबिक, 8 से 10 अधिकारियों की टीम ने जगमल चौक के पास स्थित झाझरिया निर्माण लिमिटेड के कार्यालय और उससे जुड़े ठिकानों पर छापे मारे।
कंपनी रेलवे के बड़े निर्माण कार्यों की ठेकेदार है और लंबे समय से रेलवे प्रोजेक्ट्स से जुड़ी हुई है। CBI की टीम फिलहाल कंपनी के ऑफिस और संबंधित लोगों के आवासों में मौजूद है और दस्तावेज़ों की गहनता से जांच कर रही है। इस छापेमारी में कई कॉर्पोरेट, फाइनेंशियल और रेलवे प्रोजेक्ट्स से जुड़े दस्तावेज़ों को खंगाला जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला रेलवे कॉन्ट्रैक्ट्स में अनियमितताओं और संभावित भ्रष्टाचार से जुड़ा हो सकता है। CBI ने अभी तक इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
लेकिन स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह छापा एक बड़े पैमाने की जांच का हिस्सा हो सकता है, जिसमें कई राज्यों में फैले ठिकानों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। बिलासपुर जैसे रेलवे हब में CBI की यह छापेमारी निश्चित ही बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। अब देखना होगा कि जांच में क्या खुलासे सामने आते हैं और क्या यह छापेमारी रेलवे प्रोजेक्ट्स में गहराए संभावित भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है।




