सिम्स चिकित्सालय में दो नई लिफ्टों का लोकार्पण, मरीजों को मिली बड़ी सुविधा

(आशीष मौर्य/जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर, 01 मार्च 2025 – जिले के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सालय सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दो नई लिफ्टों की सुविधा प्रदान की गई है। आज कलेक्टर श्री अवनीश शरण, नगर निगम आयुक्त श्री अमित कुमार, तथा जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने इन लिफ्टों का विधिवत लोकार्पण कर मरीजों को समर्पित किया।
07 लिफ्टों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए लिया गया निर्णय
सिम्स चिकित्सालय में पूर्व से ही 07 लिफ्टें संचालित थीं, लेकिन मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि के कारण इन लिफ्टों पर अत्यधिक दबाव पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने अतिरिक्त लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव रखा था। इस परियोजना के लिए जिला खनिज न्यास निधि से 18.32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। उक्त कार्य पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा संपन्न किया गया।
विधिवत लोकार्पण, मरीजों को मिली राहत
आज आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अवनीश शरण, नगर निगम आयुक्त श्री अमित कुमार, अधिष्ठाता डॉ. रमनेश मूर्ति, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह, इंजीनियर कैलाश बंजारे, तथा पीडब्ल्यूडी विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर इन लिफ्टों को मरीजों के लिए चालू किया गया।
अस्पताल के अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण
इसके पश्चात कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त ने रेडियोलॉजी विभाग, मेडिसिन विभाग, तथा अन्य विभिन्न वार्डों में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिष्ठाता एवं चिकित्सा अधीक्षक को कार्यों में गति लाने एवं रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मरीजों को मिलेगी राहत
नई लिफ्टों के शुरू होने से गंभीर मरीजों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगों को अब पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिलेगी। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।




