देश
महाकुंभ में अब तक 57.08 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान….

महाकुंभ का आज 39वां दिन है और श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब संगम तट पर आस्था की डुबकी लगा रहा है। सुबह 8 बजे तक 33.25 लाख श्रद्धालु पवित्र संगम में स्नान कर चुके हैं।
13 जनवरी से अब तक कुल 57.08 करोड़ श्रद्धालु महाकुंभ में आ चुके हैं। जैसे-जैसे मेला अपने अंतिम दिनों की ओर बढ़ रहा है, श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ती जा रही है।
मेले में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गुरुवार को भी संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पुलिस लगातार अपील कर रही है कि स्नान के बाद श्रद्धालु संगम तट से हट जाएं, ताकि अन्य लोगों को भी स्नान का अवसर मिल सके।
आस्था का यह पर्व अब अपने अंतिम चरण में है, मेले में महज 6 दिन बाकी हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।




