भालू शिकारियों के फंदे में फंसा, मादा भालू की मौत, शावक को बचाया गया..

(उज्जवल तिवारी) : पेंड्रा : मरवाही वन मंडल के गगनई नेचर कैंप के पास शिकारियों के जाल में फंसकर एक मादा भालू की मौत हो गई, जबकि उसके शावक को बचा लिया गया है। वन विभाग ने शावक की हालत फिलहाल ठीक बताई है और कहा है कि उसके पूरी तरह स्वस्थ होते ही उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।
घटना का खुलासा तब हुआ जब स्थानीय लोगों ने भालू के चीखने की आवाज सुनी और वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर वन विभाग ने पाया कि मादा भालू और उसका शावक, शिकारियों द्वारा लगाए गए फंदे में फंसे हुए थे।
मादा भालू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शावक को स्थानीय युवकों और वन विभाग की मदद से बचा लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिकारियों ने फंदा बनाने के लिए गाड़ी के क्लच वायर का इस्तेमाल किया था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने भालू की चीखें सुनीं और तुरंत वन विभाग को सूचित किया। उनका कहना है कि अगर वन विभाग सतर्क रहता, तो मादा भालू की जान बचाई जा सकती थी।
मरवाही वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) रौनक गोयल ने कहा कि शिकारियों की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि गगनई नेचर कैंप घने जंगलों के बीच स्थित है, जहां जंगली जानवरों का सुरक्षित रहवास है। बावजूद इसके, वन विभाग की लापरवाही कई सवाल खड़े करती है।
गोयल ने आश्वासन दिया कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और शिकारियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जंगल में किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।




