बिलासपुर

नहाने के दौरान तेज बहाव में बहा था नाबालिग, गोताखोरों को मिली लाश

बिलासपुर- सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खजरी में गुरुवार को 16 वर्षीय अभिषेक ध्रुव खारुन नदी में नहाते समय तेज बहाव के कारण बह गया। यह घटना उस समय घटित हुई जब अभिषेक अपने दो दोस्तों के साथ शाम करीब 5 बजे नदी में नहाने गया था। अभिषेक जब नदी में नहा रहा था, तभी अचानक नदी में तेज बहाव आ गया। इस बहाव में अभिषेक बहने लगा और उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण अभिषेक बह गया।

Advertisement

अभिषेक के दोस्तों ने तुरंत इस दुर्घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी, जिन्होंने सीपत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण रातभर की खोजबीन के बावजूद अभिषेक का कोई पता नहीं चल सका।

Advertisement

अगले दिन शुक्रवार को पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से फिर से खोजबीन की। इस दौरान अभिषेक का शव घटनास्थल से लगभग 20 मीटर दूर जलकुम्भियों में फंसा हुआ पाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक ध्रुव स्व. दुर्गेश ध्रुव का पुत्र था। उसकी पढ़ाई आठवीं कक्षा तक हुई थी और उसके परिवार में तीन भाई हैं। परिजनों ने बताया कि अभिषेक गूंगा था। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

Related Articles

Back to top button