देश

मतदान के बाद EVM को ले जा रही बस में लगी आग, ईवीएम को पहुँचा नुकसान

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मंगलवार (8 मई) को चुनावी ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को ले जा रही एक बस में आग लग गई, जिससे कई EVM क्षतिग्रस्त हो गईं। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे जिले के गोला गांव के पास हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि बस में चिंगारी की वजह से आग लगी। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण 4 मतदान केंद्रों की EVM क्षतिग्रस्त हो गईं।

Advertisement

उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी बस जलकर खाक हो चुकी थी। बैतूल के जिलाधिकारी नरेंद्र सूर्यवंशी ने फोन पर न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि इस घटना में किसी भी कर्मचारी और बस चालक के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Advertisement

सूर्यवंशी ने बताया कि घटना के समय बस में चुनावी ड्यूटी में लगे 6 दल और इतनी ही EVM थीं। उन्होंने बताया कि चार EVM क्षतिग्रस्त हो गई हैं और दो सुरक्षित हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि क्षतिग्रस्त हुई चार EVM में से एक कंट्रोल यूनिट या एक मतपत्र यूनिट नष्ट हो गई है।

जिला प्रशासन ने घटना की रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेज दी है। अब चुनाव आयोग तय करेगा कि इन केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जाए या नहीं। बैतूल प्रशासन अब निर्वाचन आयोग के फैसले का इंतजार कर रहा है। यह पूछे जाने पर कि क्या यह घटना EVM में दर्ज वोटों की गिनती को प्रभावित करेगी, जिलाधिकारी ने कहा कि वह इस मसले पर निर्वाचन आयोग को अपनी रिपोर्ट भेज दिए हैं। अब चुनाव आयोग प्रभावित बूथों पर पुन:मतदान के संबंध में निर्णय लेगा। एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बैतूल लोकसभा सीट पर कुल 72.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button