विदेश

पाकिस्तान में 2 सिख कारोबारियों की गोली मारकर हत्या…..

पेशावर – पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बंदूकधारियों ने रविवार को दो सिख कारोबारियों की गोली मारकर हत्या कर दी। अफगानिस्तान सीमा से सटे अशांत प्रांत में अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाने का यह नया मामला है। मुख्यमंत्री महमूद खान ने हमले की निंदा की है और पुलिस को हत्यारोपितों को अविलंब गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार हत्यारों ने रविवार सुबह 42 वर्षीय सलजीत सिंह और 38 वर्षीय रणजीत सिंह पर हमला किया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पेशावर से करीब 17 किलोमीटर दूर सरबंद के बाटा ताल बाजार में उनकी मसाले की दुकानें हैं। फिलहाल, किसी समूह ने हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वारदात प्रांत में सौहार्द बिगाड़ने की साजिश है। मारे गए दोनों सिख कारोबारियों के परिवारों को न्याय मुहैया कराया जाएगा।

Advertisement
Advertisement

पेशावर में करीब 15,000 सिख निवास करते है। अधिकांश प्रांत की राजधानी पेशावर के समीप जोगन शाह में रहते हैं। पेशावर में रहने वाले सिख समुदाय के ज्यादातर लोग व्यापार करते हैं, जबकि कुछ फार्मेसी से भी जुड़े हैं।

Advertisement

पिछले वर्ष सितंबर में जानेमाने सिख हकीम (यूनानी चिकित्सक) की पेशावर में उनकी क्लीनिक के भीतर बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वर्ष 2018 में सिख समुदाय के लोकप्रिय सदस्य चरणजीत सिंह की पेशावर में हत्या कर दी गई थी। इसी तरह न्यूज चैनल के एंकर रविंदर सिंह की इसी शहर में वर्ष 2020 में हत्या की गई। इससे पहले वर्ष 2016 में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के नेशनल असेंबली सदस्य की भी पेशावर में हत्या हुई थी।

Advertisement

वर्ष 2017 की जनगणना के अनुसार पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों में सर्वाधिक संख्या हिंदुओं की है। इसके बाद दूसरे नंबर पर ईसाई समुदाय आता है। अहमदिया, सिख और पारसी भी पाकिस्तान के अल्पसंख्यक समुदाय में आते हैं।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button