हिस्ट्रीशीटर रोहित और वीरेन्द्र सिंह तोमर के ठिकाने से करोड़ों की संपत्ति ज़ब्त…

रायपुर पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भाठागांव स्थित हिस्ट्रीशीटर रोहित सिंह तोमर और उसके सहयोगी वीरेन्द्र सिंह तोमर के मकान पर छापेमारी कर करोड़ों की संपत्ति ज़ब्त की है। पुलिस ने इस कार्रवाई के लिए न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना तेलीबांधा, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना पुरानी बस्ती एवं रक्षा टीम की संयुक्त टीम ने आरोपी के “सांई विला” मकान की तलाशी ली।
इस दौरान पुलिस को मकान से ₹35 लाख 10 हजार 300 की नगदी, 734 ग्राम सोने के जेवर, 125 ग्राम चांदी, BMW, थार और ब्रेजा जैसी लग्जरी गाड़ियाँ, आईपैड, लैपटॉप, CPU, चेक बुक, ATM कार्ड, जमीनों के दस्तावेज, नोट गिनने की मशीन, और लेन-देन का रजिस्टर मिला है।

इसके अलावा तलाशी में अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं, जिनमें 1 रिवॉल्वर, 1 पिस्टल, जिंदा कारतूस, आवाज़ी कारतूस और 5 लोहे की तलवारें शामिल हैं। इस मामले में थाना पुरानी बस्ती में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि रोहित सिंह तोमर थाना तेलीबांधा में दर्ज एक प्रकरण में पहले से ही फरार चल रहा है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।




